अभिषेक शर्मा की आंधी और ईशान मलिंगा का वार: हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को दी मात

  • Share on :

हैदराबाद। अभिषेक शर्मा और हेनरिक क्लासेन की विस्फोटक बल्लेबाजी के बाद ईशान मलिंगा की घातक गेंदबाजी के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को 10 रनों से हरा दिया। शनिवार को उप्पल के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद ने 194 रन बनाए। जवाब में चेन्नई की टीम 184 रन ही बना सकी और मैच हार गई।
इस जीत के साथ हैदराबाद आईपीएल 2026 की अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई। छह मैचों में यह इस टीम की तीसरी जीत है। वहीं, चेन्नई इस सीजन का चौथा मुकाबला हार गई। फिलहाल टीम सातवें स्थान पर है। शीर्ष पर पंजाब किंग्स का दबदबा है जबकि दूसरे और तीसरे पायदान पर क्रमश: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और राजस्थान रॉयल्स है। 
195 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। संजू सैमसन बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और तीन गेंदों में सात रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने आयुष म्हात्रे के साथ मिलकर 51 रनों की अहम साझेदारी निभाई। ऋतुराज 13 गेंदों में 19 रन बनाने के बाद आउट हुए। वहीं, म्हात्रे ने 13 गेंदों का सामना करते हुए पांच चौके और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाए। मैथ्यू शॉर्ट ने 34 रनों का योगदान दिया। सरफराज खान अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह 19 गेंदों में 25 रन बनाकर ईशान मलिंगा का शिकार बने।
डेवाल्ड ब्रेविस को शिवांग कुमार ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। वहीं, शिवम दुबे को 21 रनों के स्कोर पर साकिब हुसैन ने क्लीन बोल्ड किया। जेमी ओवरटन 15 गेंदों में 16 रन बनाने के बाद प्रफुल्ले हिंगा का शिकार बने। अंशुल कंबोज 8 गेंदों में 13 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में एसआरएच की तरफ से ईशान मलिंगा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 29 रन देकर तीन विकेट चटकाए, जबकि नीतीश कुमार रेड्डी ने दो विकेट निकाले। शिवांग कुमार और साकिब हुसैन ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
इससे पहले, टॉस गंवाने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत धमाकेदार रही। अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 5.5 ओवर में 75 रन जोड़े। अभिषेक आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते नजर आए और उन्होंने सिर्फ 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। अभिषेक ने 22 गेंदों में छह चौके और चार छक्कों की मदद से 59 रन बनाए। हालांकि, हेड लय में दिखाई नहीं दिए और वह रनों के लिए संघर्ष करते नजर आए। हेड ने 20 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 23 रन बनाए। कप्तान ईशान किशन को मुकेश चौधरी ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा।
अनिकेत वर्मा भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और दो रन बनाकर आउट हुए। वहीं, नीतीश कुमार रेड्डी को जेमी ओवरटन ने 12 रनों के स्कोर पर मैथ्यू शॉर्ट के हाथों कैच करवाया। हालांकि, हेनरिक क्लासेन ने अपनी शानदार फॉर्म को इस मैच में भी जारी रखा और 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। क्लासेन एक छोर को संभालकर खड़े रहे। उन्होंने 39 गेंदों में छह चौके और दो छक्कों की मदद से 59 रन बनाए।
सलिल अरोड़ा ने 13 रन बनाए, जबकि शिवांग कुमार ने 12 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में सीएसके की ओर से अंशुल कंबोज ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 22 रन देकर तीन विकेट चटकाए। वहीं, जेमी ओवरटन ने भी एसआरएच के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। मुकेश चौधरी ने दो और गुरजपनीत सिंह ने एक विकेट निकाला।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper