शिप्रा एक्सप्रेस में एसी कोच अटेंडरों से मारपीट, तीन घायल

  • Share on :

सलैया स्टेशन के पास वेंडरों पर हमला करने का आरोप, एक अटेंडर गंभीर घायल
ऑन ड्यूटी अडेंटर स्टॉफ को रेलवे अधिकारयो से नहीं मिली कोई सहायता !!
शिप्रा एक्सप्रेस में कटनी-दमोह रेल मार्ग के बीच सलैया स्टेशन के समीप एसी कोच अटेंडरों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ट्रेन में मौजूद वेंडरों के एक बड़े समूह ने तीन एसी कोच अटेंडरों के साथ जमकर मारपीट की, जिसमें तीनों घायल हो गए। इनमें से एक अटेंडर की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे उपचार के लिए दमोह जिला अस्पताल लाया गया।
घायल अटेंडरों के अनुसार, वेंडरों का एक समूह कटनी से दमोह की ओर ट्रेन में सवार हुआ था। आरोप है कि करीब 30 लोगों के समूह ने अटेंडरों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
अटेंडरों ने आरोप लगाया कि संबंधित लोग पहले भी ट्रेन में आकर उन्हें धमकाते थे। इस बार अटेंडरों ने कथित रूप से उनका वीडियो भी बनाया था। आरोप यह भी है कि कुछ वेंडर तकिए और पिलो कवर के बीच शराब छिपाकर ले जाते थे। अटेंडरों द्वारा इसका विरोध करने और शराब ले जाने से मना करने पर विवाद बढ़ गया और उनके साथ मारपीट की गई।
मारपीट की घटना में तीन एसी कोच अटेंडर घायल हुए। गंभीर रूप से घायल अटेंडर को जीआरपी द्वारा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की जानकारी जयसिंह राजपूत द्वारा दी गई। मामले को लेकर रेल पुलिस द्वारा घटना की जानकारी जुटाई जा रही है तथा मारपीट करने वाले आरोपियों की पहचान और घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
घटना ने ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा और अवैध रूप से वेंडिंग करने वाले लोगों की निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper