हत्या के केस में फर्जी गवाह बनाने का आरोप, दरोगा सुनील राजपूत के खिलाफ कोर्ट में परिवाद पत्र पेश
शिवपुरी से ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट
शिवपुरी। हत्या के एक पुराने मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। गवाह इसरार मोहम्मद ने तत्कालीन थाना प्रभारी सुभाषपुरा एवं वर्तमान थाना प्रभारी सतनवाडा सुनील सिंह राजपूत के खिलाफ न्यायालय में परिवाद पत्र प्रस्तुत किया है।
क्या है पूरा मामला
प्रकरण के अनुसार, 22-12-2022 की दरम्यानी रात ग्राम करसेना निवासी राकेश जाटव की अज्ञात बदमाशों द्वारा धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। मृतक के पुत्र सूरज जाटव की रिपोर्ट पर 23-12-2022 को थाना सुभाषपुरा में धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया गया था, जिसमें मुकेश जाटव एवं संजय जाटव को संदेही बनाया गया था।
विवेचना पर उठे सवाल
आरोप है कि विवेचना के दौरान तत्कालीन थाना प्रभारी ने पहले नामजद संदेहियों को मामले से अलग कर दिया और मृतक के जीजा रामसेवक जाटव को आरोपी बना दिया। इसी दौरान इसरार मोहम्मद को फर्जी गवाह के रूप में तैयार किया गया।
कोरे कागज पर कराए हस्ताक्षर
गवाह का आरोप है कि उससे कोरे कागज पर हस्ताक्षर कराए गए, जबकि उसे मामले की कोई जानकारी नहीं थी। बाद में उसी आधार पर उसे गवाह बनाया गया।
गवाही के लिए बनाया दबाव
जुलाई 2025 में गवाह को थाना से फोन कर कोर्ट में गवाही देने के लिए बुलाया गया, लेकिन उसने मना कर दिया। इसके बाद 11 सितंबर 2025 को पोहरी चौराहे पर थाना प्रभारी सुनील सिंह राजपूत द्वारा उसे गवाही देने के लिए दबाव बनाया गया।
धमकी देने का आरोप
गवाह के अनुसार, मना करने पर दरोगा द्वारा उसे झूठे केस में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी गई।
उच्च अधिकारियों से शिकायत
डर के चलते गवाह ने 13 सितंबर 2025 को पुलिस महानिदेशक भोपाल एवं पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को डाक के माध्यम से शिकायत भेजी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कोर्ट में सच्चाई रखी
बाद में गवाह ने न्यायालय में उपस्थित होकर अपने अनुसार सही गवाही दी और पूरे मामले की जानकारी दी।
न्यायालय में परिवाद दर्ज
अब गवाह इसरार मोहम्मद ने संबंधित थाना प्रभारियों के खिलाफ साक्ष्य गढ़ने, धमकी देने और झूठी गवाही के लिए दबाव बनाने के आरोप में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 229, 230, 231, 232, 233 के तहत जेएमएफसी शिवपुरी में परिवाद प्रस्तुत किया है, जो प्रकरण क्रमांक 234/26 के रूप में दर्ज किया गया है।

