अपर कलेक्टर जे.पी. यादव ने मतदान केंद्रों एवं पंजीयन कार्यों की समीक्षा की

  • Share on :

ग्राम मडियारास में धान एवं स्वामित्व पंजीयन की प्रगति जानी, सीनियर आदिवासी छात्रावास का किया निरीक्षण
डिंडौरी। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जे.पी. यादव ने शुक्रवार को जिले में मतदाता सूची अद्यतन करने, धान एवं स्वामित्व योजना के अंतर्गत पंजीयन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्र क्रमांक 71, 72 एवं 73 का निरीक्षण कर पात्र एवं नवीन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए की जा रही कार्यवाही की जानकारी ली।
          निरीक्षण के दौरान श्री यादव ने संबंधित अधिकारियों से मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया, पात्र मतदाताओं के पंजीयन तथा शेष मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पात्र एवं नवीन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की कार्यवाही समय पर पूरी की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया।
धान एवं स्वामित्व पंजीयन कार्यों की समीक्षा
         कलेक्टर श्री यादव ने ग्राम मडियारास में धान पंजीयन एवं स्वामित्व योजना के अंतर्गत किए जा रहे पंजीयन कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पंजीयन की प्रगति की जानकारी लेते हुए पात्र किसानों एवं हितग्राहियों के पंजीयन की स्थिति जानी। उन्होंने निर्देशित किया कि पंजीयन से संबंधित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को पंजीयन कराने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके लिए संबंधित अधिकारी आवश्यक समन्वय के साथ कार्य करें और लंबित पंजीयन प्रकरणों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करें।
सीनियर आदिवासी छात्रावास का निरीक्षण
      निरीक्षण के दौरान श्री यादव ने ग्राम मडियारास स्थित सीनियर आदिवासी छात्रावास का भी निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास में विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध आवासीय सुविधाओं, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही छात्रावास परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
    अपर कलेक्टर श्री यादव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदाता सूची अद्यतन करने, धान एवं स्वामित्व योजना के अंतर्गत पंजीयन कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने तथा छात्रावास में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए गंभीरतापूर्वक कार्य करें। उन्होंने सभी संबंधित कार्यों में नियमित निगरानी रखते हुए शासन के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper