एडीजी अजाक आशुतोष राय ने शिवपुरी में थपथपाई पुलिस की पीठ; बोले- हेल्पलाइन 14566 का करें व्यापक प्रचार
शिवपुरी से ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट
शिवपुरी | ग्वालियर रेंज के जिलों में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के हितों और न्याय के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करने बुधवार को पुलिस मुख्यालय भोपाल के एडीजी (अजाक) आशुतोष राय शिवपुरी पहुंचे। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में उन्होंने न केवल लंबित प्रकरणों के निपटारे की समय सीमा तय की, बल्कि रेंज द्वारा किए गए सुधार कार्यों की सराहना भी की।
हेल्पलाइन 14566: अब हर पीड़ित तक पहुंचेगी मदद
बैठक के दौरान एडीजी राय ने विशेष रूप से नेशनल हेल्पलाइन नंबर 14566 पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस नंबर का प्रचार-प्रसार गांव-गांव तक किया जाए ताकि पीड़ित पक्ष सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सके। हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण को उन्होंने प्राथमिकता बताया।
राहत राशि और हॉटस्पॉट चिन्हांकन में ग्वालियर रेंज अव्वल
पिछली बैठक की तुलना में की गई प्रगति की समीक्षा करते हुए एडीजी ने संतोष व्यक्त किया। रेंज के चारों जिलों (शिवपुरी, गुना, अशोकनगर और ग्वालियर) में एससी/एसटी वर्ग के लिए 'हॉटस्पॉट' क्षेत्रों की पहचान करने और पीड़ितों को समय पर राहत राशि के वितरण में हुई प्रगति को उन्होंने सराहा। उन्होंने कहा कि इसी संवेदनशीलता के साथ पुलिस को आगे भी कार्य करना है।
बैठक में शामिल हुए दिग्गज अधिकारी
समीक्षा बैठक में ग्वालियर जोन के आईजी अरविंद कुमार सक्सेना, डीआईजी अमित सांघी, शिवपुरी एसपी अमन सिंह राठौड़, गुना एसपी श हितिका वासल, और अशोकनगर एसपी राजीव कुमार मिश्रा सहित रेंज के सभी अजाक प्रभारी और एसडीओपी उपस्थित रहे।

