त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की लगाई गई ड्यूटी
मिलाद-उन-नबी, कजलियां, कृष्ण जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी और अनंत चतुर्दशी पर शांति एवं कानून व्यवस्था की रहेगी विशेष निगरानी
साहिल खान
शहडोल। जिले में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई है।
प्रशासन द्वारा 26 अगस्त को मिलाद-उन-नबी, 29 अगस्त को कजलियां, 4 सितंबर को कृष्ण जन्माष्टमी, 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी तथा 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी एवं गणेश विसर्जन के अवसर पर जिले के विभिन्न कार्यक्रम स्थलों, जुलूस मार्गों और विसर्जन स्थलों पर अधिकारियों की तैनाती की गई है।
अनुविभागीय अधिकारी एवं मजिस्ट्रेट सोहागपुर, जैतपुर, जयसिंहनगर एवं ब्यौहारी को अपने-अपने अनुविभाग क्षेत्रों में कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट सोहागपुर, जयसिंहनगर, गोहपारू, ब्यौहारी, जैतपुर एवं बुढ़ार को संबंधित तहसील क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी का दायित्व दिया गया है।
शांति समिति की बैठकों के निर्देश
प्रशासन ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों एवं मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्र के थाना मुख्यालयों पर शांति समिति की बैठकें आयोजित करें। इन बैठकों में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं संबंधित पक्षों के साथ समन्वय स्थापित कर त्योहारों को आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
इसके साथ ही निर्धारित कार्यक्रम स्थलों और अधिक भीड़ वाले स्थानों पर नायब तहसीलदार, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी स्थिति में कानून व्यवस्था प्रभावित न हो।
भीड़ और यातायात व्यवस्था पर रहेगी नजर
त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा, जुलूसों के सुचारु संचालन, यातायात व्यवस्था तथा गणेश प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत भ्रमण एवं निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगामी सभी त्योहार शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

