प्रशासनिक लेट-लतीफी: समय-सीमा पार होने के बाद भी BAC और जनशिक्षकों की फाइलें पेंडिंग, जल्द नियुक्ति का मिला आश्वासन

  • Share on :

महेन्द्र मालवीय रणजीत टाईम्स
बुरहानपुर। शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने और प्रशासकीय निगरानी को मजबूत करने के लिए शुरू की गई विकासखण्ड अकादमिक समन्वयक (बीएसी) और जनशिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया तय समय-सीमा बीत जाने के बाद भी पूरी नहीं हो सकी है। विभागीय सुस्ती और प्रशासनिक लचर रवैये के कारण यह प्रक्रिया लगातार पिछड़ती जा रही है, जिससे जिले के शैक्षणिक ढर्रे पर इसका सीधा असर पड़ता दिख रहा है। अब बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर यह भर्ती प्रक्रिया कब तक पूर्ण हो पाएगी? 

तय समय-सीमा बीतने के बाद भी फाइलें धूल चाट रहीं

विभाग द्वारा जारी समय सारणी के अनुसार इस पूरी चयन प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा के भीतर संपन्न किया जाना था, ताकि नए शैक्षणिक सत्र या समीक्षा बैठकों से पहले सभी रिक्त पदों पर तैनाती की जा सके। राज्य शिक्षा केंद्र के आदेशानुसार 05 अगस्त 2026 तक काउंसलिंग और 20 अगस्त 2026 तक पदस्थापना आदेश जारी होने थे। हालांकि, समयावधि समाप्त होने के बावजूद अंतिम चयन सूची और पदस्थापना के आदेश जारी नहीं हो सके हैं। समय-सीमा निकल जाने से आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों और शिक्षकों में अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। 

क्यों हुई प्रक्रिया में इतनी देरी ?

सूत्रों की मानें तो इस पूरी भर्ती प्रक्रिया में देरी के कई प्रमुख कारण सामने आ रहे हैं:

दावा-आपत्तियां और सत्यापन: आवेदनों की गहन जांच और प्राप्त दावा-आपत्तियों के निराकरण में विभागीय स्तर पर काफी समय व्यतीत हुआ।

प्रशासनिक स्वीकृतियों का पेंच: चयन सूची तैयार होने के बाद उच्च स्तर पर स्वीकृति और फाइलों के मूवमेंट में वक्त लगा।

शिक्षकों की मूल पदस्थापना: जनशिक्षकों और बीएसी के चयन के दौरान संबंधित स्कूलों में अध्यापन कार्य प्रभावित न हो, इसका भी ध्यान रखना पड़ा।

प्रशासनिक अधिकारियों का रुख: अंतिम चरण में प्रक्रिया

प्रक्रिया में हुए विलंब और वर्तमान स्थिति को लेकर जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) ने स्पष्ट किया कि, "बीएसी और जनशिक्षकों के पदों पर चयन एवं पदस्थापना को लेकर विभागीय स्तर पर कार्यवाही पूरी निष्पक्षता और नियमानुसार की जा रही है। प्रक्रिया अभी चल रही है और कुछ ही समय में इसे पूर्ण कर अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।"
वहीं, इस विषय पर जानकारी के लिए जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ने बताया कि, "बीएसी और जनशिक्षकों के चयन की प्रक्रिया में दावा-आपत्तियों के निराकरण में थोड़ा अतिरिक्त समय लगा है। अब अंतिम सूची का प्रकाशन किया जा चुका है और फाइल अंतिम स्वीकृति के लिए भेज दी गई है। स्वीकृति मिलते ही जल्द से जल्द पदस्थापना आदेश जारी कर दिए जाएंगे।"

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper