प्रशासनिक लापरवाही ने बढ़ाई आग की तपिश: छतरपुर के फिरंगी पछाड़ इलाके में गोदाम जलने से अफरा-तफरी

  • Share on :

छतरपुर। छतरपुर शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत फिरंगी पछाड़ इलाके में स्थित लक्ष्मी मंदिर के पीछे एक नमकीन गोदाम में रविवार रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा गोदाम उसकी चपेट में आ गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में करीब 50 लाख से 70 लाख रुपए तक के नुकसान का अनुमान है। गोदाम राकेश नामदेव का बताया जा रहा है, जिसमें भारी मात्रा में नमकीन और अन्य सामग्री रखी हुई थी। आग लगते ही क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना संसाधनों के अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया और काफी देर तक हालात को संभालने में जुटे रहे।
रहवासियों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड करीब एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंची। इतना ही नहीं, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड का टैंकर भी आधा भरा हुआ था, जिससे आग पर काबू पाने में दिक्कत हुई। पानी खत्म होने के बाद फायर वाहन वापस लौट गया और लंबे समय तक वापस नहीं आया, जिससे आग और भड़क गई।
गोदाम मालिक संतोष नामदेव और अशोक नामदेव ने बताया कि आग में रखा अधिकांश माल जलकर राख हो गया, जिससे 60 से 70 लाख रुपए तक का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जताई है। घटना के दौरान न तो कोई जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही कोई जनप्रतिनिधि नजर आया। इससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
इस घटना ने एक बार फिर नगर पालिका और फायर व्यवस्था की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रहवासियों ने व्यवस्था में सुधार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper