सोयाबीन कृषकों के लिए एडवाइजरी जारीः समय पर कटाई और कीट नियंत्रण के लिए कृषि विभाग की सलाह
शिवपुरी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार कृषि विभाग शिवपुरी द्वारा जिले के सोयाबीन उत्पादक कृषकों के लिए खरीफ 2026 की साप्ताहिक कृषि सलाह जारी की गई है। उप संचालक कृषि श्री मुनेश कुमार शाक्य ने बताया कि जिले में सोयाबीन की फसल वर्तमान में पकने एवं दाना भरने की महत्वपूर्ण अवस्था में है। इस स्थिति में उपज के नुकसान को रोकने के लिए समय पर कटाई, सुरक्षित गहाई तथा कीट प्रकोप की नियमित निगरानी के लिए कृषकों को आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।
आईसीएआर-राष्ट्रीय सोयाबीन अनुसंधान संस्थान, इंदौर द्वारा जारी कृषि सलाह के क्रम में विभागीय अधिकारियों ने बताया कि शीघ्र पकने वाली किस्मों में लगभग 90 प्रतिशत फलियां पीली पड़ने पर ही कटाई प्रारंभ करें। कटाई में अनावश्यक विलंब से फलियों के चटकने और दाने झड़ने का जोखिम रहता है। कटाई के बाद फसल को धूप में अच्छी तरह सुखाकर ही गहाई करें। वर्षा या नमी की संभावना को देखते हुए कटी हुई फसल को तत्काल सुरक्षित व सूखे स्थान पर भंडारण करने के निर्देश दिए गए हैं।
कीट नियंत्रण और बीज उत्पादन में थ्रेसर की गति पर ध्यान देने की सलाह
फसल को नुकसान पहुंचाने वाले कीटों से बचाव के लिए विभाग ने विशेष दिशा-निर्देश दिए हैं। जिसमें फलियां छेदक कीट के लिए दाना भरने की अवस्था में इसके प्रकोप से दानों की गुणवत्ता प्रभावित होती है। कीट प्रकोप दिखने पर इंडोक्साकार्ब 15.8 प्रतिशत की 333 मिलीलीटर मात्रा प्रति हेक्टेयर की दर से छिड़काव करने की सलाह दी गई है। बीज उत्पादन वाली फसल के लिए स्टिंक बग, अलमंड मॉथ एवं पल्स बीटल से सुरक्षा हेतु नियमित निगरानी करें और आवश्यकता पड़ने पर प्रोफेनोफॉस 1.0 लीटर प्रति हेक्टेयर का प्रयोग करें। अंकुरण क्षमता सुरक्षा के लिए बीज की अंकुरण क्षमता सुरक्षित रखने के लिए गहाई के समय थ्रेसर की गति 350 से 400 आरपीएम रखने के निर्देश दिए गए हैं।
कृषि अधिकारियों से संपर्क की अपील
उप संचालक कृषि श्री मुनेश कुमार शाक्य ने जिले के सोयाबीन उत्पादक कृषकों से अपील की है कि वे कीटों की सतत निगरानी रखें तथा कीटनाशकों का प्रयोग केवल अनुशंसित मात्रा में ही करें। फसल में रोग या कीट संबंधी किसी भी समस्या के समाधान हेतु कृषक अपने क्षेत्र के कृषि विस्तार अधिकारी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी या विकासखंड कृषि कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक तकनीकी सलाह प्राप्त कर सकते हैं।
रणजीत टाईम्स न्यूज शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ हेमंत भार्गव

