सहकारी बैंकों की कार्यप्रणाली में लाएं पूर्ण पारदर्शिता - कलेक्टर श्री वर्मा

  • Share on :

 शाखा प्रबंधकों की जवाबदेही तय, लापरवाही पर होगी कार्रवाई; आमजन की जमा पूंजी से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ हेमंत भार्गव 
शिवपुरी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने आज सहकारिता विभाग एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारियों तथा शाखा प्रबंधकों की बैठक ली। 
बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने जिले में संचालित सहकारी बैंक की समस्त शाखाओं की कार्यप्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

लापरवाही पर शाखा प्रबंधकों की सीधी जवाबदेही
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सहकारी बैंकों में गबन एवं वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित सामने आ रहे मामले अत्यंत गंभीर हैं। बैंक शाखा स्तर पर किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि प्राथमिक सहकारी समितियों में यदि प्रबंधकों द्वारा किसी भी प्रकार की वित्तीय गड़बड़ी की जाती है, तो संबंधित शाखा प्रबंधक निगरानी करें और इसकी सूचना वरिष्ठ कार्यालय को देंगे और कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित करेंगे। लापरवाही बरतने पर शाखा प्रबंधकों की भी सीधी जवाबदेही तय की जाएगी।

नागरिकों की जमा पूंजी की सुरक्षा पहली प्राथमिकता
कलेक्टर श्री वर्मा ने बैठक में कड़े शब्दों में कहा कि सहकारी बैंकों में जिले के आम नागरिकों और किसानों की जमा पूंजी है। वित्तीय अनियमितताओं के कारण आमजन को अपनी ही जमा राशि प्राप्त करने के लिए बार-बार चक्कर काटने पड़ते है और जनसुनवाई में भी इस प्रकार की शिकायतें निरंतर प्राप्त हो रही हैं। भविष्य में इस प्रकार की स्थितियां निर्मित न हों, इसके लिए उन्होंने बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों को अभी से बैंकों में कड़ी निगरानी और सतत निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर श्री वर्मा ने सहकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गबन के प्रकरणों में संलिप्त दोषियों से गबन की गई शत-प्रतिशत राशि की त्वरित वसूली की जाए। समयावधि में राशि जमा न करने की स्थिति में संबंधितों की संपत्ति की कुर्की एवं नीलामी की वैधानिक प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ की जाए। कार्य  शिथिलता बरतने वाले विभागीय अधिकारियों के विरुद्ध भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper