शिवपुरी में 5 से 11 अक्टूबर तक धूमधाम से मनाया जाएगा अग्रसेन जयंती महोत्सव, भव्य कार्यक्रमों की तैयारी
शिवपुरी से ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट
शिवपुरी। मध्यदेशीय अग्रवाल समाज, शिवपुरी द्वारा इस वर्ष महाराज अग्रसेन जयंती महोत्सव 2026 बड़े ही धूमधाम और भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया गया है। समाज के अध्यक्ष ने कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि जयंती महोत्सव का आयोजन 5 अक्टूबर 2026 से 11 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा।
सप्ताह भर होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
5 से 11 अक्टूबर तक अग्रवाल धर्मशाला में विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन होगा, जिसमें समाज के बच्चे, युवा व महिला-पुरुष बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।
गरबा, प्रतिभा सम्मान और सहभोज
10 अक्टूबर: शाम के समय गांधी पार्क में गरबा एवं समाज की प्रतिभाओं का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
11 अक्टूबर: गांधी पार्क में समाज बंधुओं के लिए सहभोज का आयोजन रखा गया है।
11 अक्टूबर को निकलेगा ऐतिहासिक चल समारोह
महोत्सव के अंतिम दिन 11 अक्टूबर को शाम 6:00 बजे से शहर में एक विशाल और ऐतिहासिक चल समारोह (शोभायात्रा) निकाला जाएगा। इसमें विभिन्न प्रकार की आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजे, डीजे तथा बाहर से आए कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल होंगी।
समाज के पदाधिकारियों ने सभी अग्रवाल समाज बंधुओं से अनुरोध किया है कि वे इन सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर आयोजन को सफल एवं ऐतिहासिक बनाएं।

