त्योहारों से पहले खाद्य प्रतिष्ठानों पर प्रशासन की सख्ती, 13 नमूने जांच के लिए भेजे

  • Share on :

 साहिल खान जिला ब्यूरो शहडोल 
शहडोल। आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने बुढ़ार, धनपुरी एवं शहडोल क्षेत्र में 15 से अधिक खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 13 नमूने लिए, जिन्हें गुणवत्ता एवं शुद्धता की जांच के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच के लिए लिए गए नमूनों में पनीर, दूध, खोआ, मिल्क केक, पेड़ा, खड़े मसाले सहित अन्य खाद्य सामग्री शामिल हैं।

अभियान के तहत श्याम मिष्ठान्न, बुढ़ार, अभिनंदन स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट धनपुरी, अंबे बीकानेर स्वीट्स धनपुरी, जोधपुर स्वीट्स बुढ़ार, बीकानेर स्वीट्स शहडोल, होटल त्रिदेव शहडोल तथा नमन फूड प्रोडक्ट्स शहडोल सहित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला से नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। 
त्योहारों के दौरान आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मिलावटखोरी और अमानक खाद्य पदार्थों के उपयोग के खिलाफ निरीक्षण एवं नमूना लेने की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper