आइची-नागोया एशियन गेम्स: निशानेबाजी में भारत ने खोला पदकों का खाता, महिला टीम ने जीता सिल्वर
जापान के आइची-नागोया में जारी 20वें एशियन गेम्स में भारत की ओर 503 खिलाड़ी (269 पुरुष और 234 महिला) हिस्सा ले रहे हैं. ये खिलाड़ी 34 अलग-अलग खेलों में चुनौती पेश कर रहे हैं. भारतीय दल में सबसे ज्यादा 74 खिलाड़ी एथलेटिक्स के हैं. ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में भारत की पदक उम्मीदें भी इसी बड़े दल से जुड़ी होंगी. फील्ड हॉकी 40 खिलाड़ियों के साथ दूसरे बड़े खेलों में शामिल है.
क्रिकेट और शूटिंग में भारत के 30-30 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जबकि कबड्डी में 24 सदस्यीय टीम उतरेगी. 2022 में हांगझोउ एशियन गेम्स के लिए भारत ने 661 खिलाड़ियों का दल भेजा था. यानी पिछली बार की तुलना में भारतीय दल छोटा है. हालांकि, हांगझोउ में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 106 पदक जीते थे, जो एशियन गेम्स में देश का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है. इस बार भारतीय खिलाड़ी उस प्रदर्शन को आगे बढ़ाने के इरादे से उतरे हैं.
आइची-नागोया एशियन गेम्स में भारत ने अपना पहला पदक जीत लिया है. भारतीय निशानेबाज इलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदर्सा विनोद की तिकड़ी ने महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया. भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पोडियम पर जगह बनाई. इस पदक के साथ शूटिंग ने एशियन गेम्स में भारत के पदक अभियान की शुरुआत कर दी.
साभार आज तक

