अखिलेश यादव ने दिया विवादित बयान, कहा- 'चुनाव आयोग मर गया है, सफेद कपड़ा भेंट करना होगा'
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा इसी तरीके से चुनाव लड़ती है। चुनाव आयोग मर गया है। हमें उन्हें सफेद कपड़ा भेंट करना होगा।
इससे पहले अखिलेश ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और स्थानीय प्रशासन पर तीखा हमला किया था। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करने और अयोध्या में मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में धांधली करने का आरोप लगाया था। उन्होंने निर्वाचन आयोग से कार्रवाई की भी मांग की थी।
अखिलेश ने दावा किया कि पुलिस-प्रशासन का रवैया अलोकतांत्रिक रहा। दर्जनों बूथों पर समाजवादी पार्टी के बूथ एजेंटों को डराया-धमकाया गया। भाजपा ने मिल्कीपुर में बेईमानी के लिए हर तरह के हथकंडे अपनाए। भाजपा के गुंडों ने मिल्कीपुर उपचुनाव को प्रभावित करने के लिए अराजकता की। पुलिस-प्रशासन का उन्हें खुला संरक्षण मिला। पुलिस-प्रशासन ने भाजपा के गुंडों को खुली छूट देकर चुनाव आचार संहिता का घोर उल्लंघन किया।
साभार अमर उजाला