आदित्य की आवाज़’ के 19वें वर्ष में प्रवेश पर नीमच में सजा अखिल भारतीय कवि सम्मेलन

  • Share on :

देशभक्ति और ओज की कविताओं से गूंजा टाउन हॉल, हिन्दी दिवस की पूर्व संध्या पर उमड़ा श्रोताओं का सैलाब
राजेश धाकड़ 
नीमच। हिन्दी दिवस की पूर्व संध्या एवं प्रमुख हिन्दी समाचार पत्र ‘आदित्य की आवाज़’ के 19वें वर्ष में प्रवेश के उपलक्ष्य में स्थानीय स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह (टाउन हॉल) में भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। देशभर से आए ख्यातिप्राप्त कवियों एवं कवयित्रियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देशभक्ति और ओज से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के दौरान पूरा सभागार ‘जय हिन्द’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। मुख्य अतिथि उज्जैन प्रेस क्लब अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बड़े भाई नंदलाल यादव ‘नंदू भय्या’, नीमच विधायक दिलीप परिहार, समाजसेवी संतोष चोपड़ा सहित समाचार पत्र से जुड़े पत्रकार, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रोता मौजूद रहे। दिल्ली की प्रसिद्ध गीतकार मनीषा सक्सेना ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा समाचार पत्र के विशेषांक का विमोचन भी किया गया।

कवि सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से आए कवियों ने अपनी प्रस्तुतियों से देर रात तक समां बांधे रखा। न्यूज़ 18 के ‘लपटे में नेताजी’ फेम वायरल कवि डॉ. आदित्य जैन ने व्यंग्यात्मक एवं तीखी रचनाओं से खूब तालियां बटोरीं। सोनी टीवी के लाफ्टर शो फेम हिमांशु बवंडर ने अपने हास्य अंदाज से श्रोताओं को जमकर गुदगुदाया।

नई दिल्ली की मनीषा सक्सेना ने श्रृंगार रस की मधुर रचनाओं से वातावरण को रससिक्त किया। अंतरराष्ट्रीय कवि प्रो. राजीव शर्मा ने गंभीर एवं प्रभावशाली कविताओं से अपनी अलग छाप छोड़ी। प्रसिद्ध पैरोडीकार पार्थ नवीन ने समसामयिक विषयों पर शानदार पैरोडी प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया। ओज की कवयित्री रोहिणी पंड्या की जोशीली कविताओं ने युवाओं में उत्साह का संचार किया, वहीं नवोदित कवयित्री अदिति नीमा ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से खूब सराहना हासिल की।

कवियों की विविधतापूर्ण प्रस्तुतियों ने हास्य, व्यंग्य, श्रृंगार, देशभक्ति और ओज का ऐसा संगम प्रस्तुत किया कि पूरा आयोजन यादगार बन गया। श्रोताओं ने देर रात तक कवियों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया और तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के अंत में प्रबंधक सचिन कुमार ने आभार व्यक्त करते हुए सभी अतिथियों, कवियों, पत्रकारों एवं श्रोताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने बताया कि ‘आदित्य की आवाज़’ की अगली बड़ी प्रस्तुति आगामी नवरात्रि पर्व के दौरान ‘आदित्य डांडिया रास महोत्सव-2026’ के रूप में होगी।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper