उप संचालक कृषि ने शासकीय कृषि प्रक्षेत्र रन्नौद का किया औचक निरीक्षण, फसलों का लिया जायजा

  • Share on :

कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देश पर उप संचालक कृषि ने खरीफ फसलों के बीज उत्पादन कार्यक्रम का किया निरीक्षण
शिवपुरी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार उप संचालक कृषि श्री मुनेश कुमार शाक्य ने रविवार को बदरवास विकासखंड स्थित शासकीय कृषि प्रक्षेत्र रन्नौद का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने फार्म पर संचालित बीज उत्पादन कार्यक्रम से संबंधित अभिलेखों एवं पंजियों की बारीकी से जांच की। इसके साथ ही खरीफ वर्ष 2026 के अंतर्गत प्रक्षेत्र पर ली जा रही सोयाबीन, उड़द एवं अरहर फसलों के बीज उत्पादन कार्यक्रम का अवलोकन कर प्रक्षेत्र अधीक्षक को फसल में कीट एवं रोग दिखने पर तत्काल नियंत्रण उपाय अपनाने के निर्देश दिए।
प्रक्षेत्र निरीक्षण के उपरांत उप संचालक कृषि ने विकासखंड कोलारस के ग्राम गोरा टीला एवं सुनाज का दौरा किया। वहां उन्होंने कृषक श्री रामरतन गुर्जर के खेतों में लगी धान फसल का निरीक्षण किया। वर्तमान में धान की फसल 60-70 दिन की अवस्था पूर्ण कर चुकी है, जो बालियों में दाना भरने का महत्वपूर्ण समय है। निरीक्षण के दौरान फसल में तना छेदक और भूरा फुदका जैसे कीटों का प्रकोप देखने पर उन्होंने कृषकों को नियमित निगरानी करने की सलाह दी। कीट नियंत्रण हेतु अनुशंसित कीटनाशक दवाओं फिप्रोनिल 0.3ः व 0.6ः जीआर (दानेदार) तथा कार्टेप हाइड्रोक्लोराइड का भुरकाव कर प्रयोग करने का परामर्श दिया गया।
ग्राम भ्रमण के दौरान श्री मुनेश कुमार शाक्य ने उपस्थित किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न हितैषी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने ई-टोकन व्यवस्था और एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन के महत्व से अवगत कराते हुए अधिकाधिक किसानों से इन डिजिटल सुविधाओं एवं योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया।

किसानों के लिए कृषि विशेषज्ञों की सलाह
उप संचालक कृषि तथा कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने जिले के धान उत्पादक कृषकों से अपील की है कि वे बिना आवश्यकता किसी भी रासायनिक कीटनाशक का छिड़काव न करें। फसल में रोग या कीट की सही पहचान करने के उपरांत ही अनुशंसित दवाइयों का उपयोग करें। कीटनाशक एवं फफूंदनाशकों की सही मात्रा का प्रयोग केवल कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों या कृषि विभाग के तकनीकी अमले के मार्गदर्शन में ही किया जाए। 
शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ हेमंत भार्गव

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper