अमलाई पुलिस ने चोरी का किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
साहिल खान
शहडोल। पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं चोरी के प्रकरणों में आरोपियों की पतासाजी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अमलाई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया मशरूका बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार थाना अमलाई क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 10 टंडन दफाई स्थित एक मकान में 23 अगस्त 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर घर में रखा एलईडी टीवी, इन्वर्टर, बैटरी एवं घरेलू बर्तन सहित करीब 35 हजार रुपये का मशरूका चोरी कर लिया था। घटना की सूचना मिलने पर फरियादी की रिपोर्ट पर थाना अमलाई में अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान अमलाई पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की पतासाजी के लिए लगातार प्रयास किए।
पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिलने के बाद संदेहियों से पूछताछ की गई, जिसमें राहुल चौधरी पिता राजेश चौधरी, सूरज दीवान पिता रामराज दीवान उम्र 24 वर्ष तथा रवि सिंह पिता फूल सिंह उम्र 24 वर्ष, तीनों निवासी अमलाई, को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया गया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया एलईडी टीवी, इन्वर्टर, बैटरी एवं घरेलू सामान सहित मशरूका बरामद कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को 25 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।
उक्त कार्रवाई थाना प्रभारी अमलाई के नेतृत्व में की गई, जिसमें प्रधान आरक्षक मुकेश कुमार एवं पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। अमलाई पुलिस की तत्परता से चोरी की वारदात का खुलासा कर आरोपियों तक पहुंचने और चोरी गया सामान बरामद करने में सफलता मिली।

