गंभीर बीमारी की खबरों के बीच सामने आया मोजतबा खामेनेई का वीडियो, स्थिति पर संशय बरकरार
तेहरान। पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध भले ही थम गया हो लेकिन ईरान के सुप्रीम लीडर को लेकर कयासों का बाजार गर्म है। हाल ही में सामने आई एक रिपोर्ट में उनकी सेहत को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए थे। लेकिन इसी बीच ईरान की अर्ध सरकारी न्यूज एजेंसी ने ईरानी सुप्रीम लीडर का एक नया वीडियो पोस्ट किया है। हालांकि, यह वीडियो किस तारीख का है इसको लेकर कई जानकारी सामने नहीं आई है। लाइव हिन्दुस्तान इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
मेहर न्यूज एजेंसी की तरफ से पोस्ट किए गए इस वीडियो में मोजबता सही सलामत बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं। इसमें उनके साथ ही कुछ और लोग भी हैं, जिनसे वह बातें तर रहे हैं। वहां मौजूद लोग ध्यान से उनकी बातों को सुन भी रहे हैं। ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का यह वीडियो ऐसे समय में सामने आया है, जब लगातार दावा किया जा रहा है कि उनकी हालत गंभीर है। हाल ही में जेरुशलम पोस्ट की एक रिपोर्ट में ईरानी सूत्र के हवाले से कहा गया था कि खामेनेई की हालत गंभीर है। सूत्र ने कहा, “अगर हमें जल्द ही उनके शहीद होने की खबर सुनने को मिलती है, तो हमें कोई हैरानी नहीं होगी।"
वहीं, ईरान वायर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के बड़े अधिकारियों के अलावा किसी को इस बात की जानकारी नहीं है कि उनके सुप्रीम लीडर कहा हैं। ऐसे में इस्लामिक देश के उच्च अधिकारियों के बीच में भी इस बात की चर्चा तेज हो रही है कि शायद सुप्रीम लीडर को लेकर फैल रही अफवाहें केवल अफवाहें नहीं है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

