तपती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत की खबर... आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट

  • Share on :

नई दिल्ली। तपती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत की खबर दी है। पूर्वोत्तर असम पर और हिमालयी पश्चिम बंगाल और निचले क्षोभमंडल स्तर पर अलग-अलग चक्रवाती परिसंचरण के कारण पांच और छह मई को बंगाल की खाड़ी से उत्तर-पूर्व भारत तक तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों के दौरान बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर के अलावा असम, सिक्किम, मणिपुर सहित कई राज्यों में लोगों को गर्मी से राहत मिलने वाली है।
आईएमडी ने कहा है कि अगले 5 दिनों के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, सिक्किम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ अलग-अलग स्थानों पर तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान हवा की गति 40-50 किमी प्रति घंटे रह सकती है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि 5 और 6 मई को अरुणाचल प्रदेश, असम , मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। 
इसके अलावा, एक पश्चिमी विक्षोभ को निचले क्षोभमंडल स्तर पर ईरान और उससे सटे अफगानिस्तान के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में देखा जाता है। इसके कारण 4 और 5 मई को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
आज के दिन हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में भी अलग-अलग स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश, दक्षिण राजस्थान और हरियाणा के साथ-साथ दिल्ली में भी तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान हवा की गति 30-40 किमी प्रति घंटे रह सकती है।
मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि 4-6 मई के दौरान ओडिशा, पश्चिम बंगाल में आंधी और बिजली के साथ  हल्की बारिश हो सकती है। उसके बाद 7-10 मई के दौरान आंधी और बिजली के साथ व्यापक वर्षा होने की संभावना है। 6-10 मई के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में गरज और बिजली के साथ छिटपुट वर्षा होने की संभावना है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper