शहडोल की अमृत मित्र महिलाएं “अमृत मित्र महोत्सव” दिल्ली में निभाएगी सहभागिता
प्रदीप सिंह बघेल
शहडोल। भारत सरकार के आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा भारत मंडपम, नई दिल्ली में 13 मार्च 2026 को “अमृत मित्र महोत्सव” का आयोजन किया जाएगा। नगरपालिका अध्यक्ष श्री घनश्याम जायसवाल एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्रीमती आशा भंडारी ने दिल्ली में आयोजित होने वाले “अमृत मित्र महोत्सव” के लिए चयनित शहडोल नगरपालिका की 5 अमृत मित्र महिलाओ को यूनिफॉर्म प्रदान कर शुभकामनाएं दी एवं अमृत मित्र महिलाओ को अमृत मित्र महोत्सव में सहभागिता हेतु रवाना किया।
इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में देशभर से चयनित महिला प्रतिनिधि सहभागी बनकर अपने-अपने शहरों में किए जा रहे नवाचारों, अनुभवों तथा सफलताओं को साझा करेंगी।
उल्लेखनीय है कि अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत शहडोल नगर में वोमेन फाॅर ट्रीज अभियान, जल गुणवत्ता परीक्षण तथा विवेकानंद पार्क के संधारण एवं प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में 11 स्व-सहायता समूहों की 25 महिलाएं ‘अमृत मित्र’ के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। महिलाएं पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, हरित विकास एवं सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए निरंतर सराहनीय कार्य कर रही हैं।

