4.26 करोड़ के साइबर फ्रॉड मामले में एक आरोपी मुंबई से गिरफ्तार

  • Share on :

बिलहरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कमीशन लेकर खाता उपलब्ध कराने वाला आरोपी को किया गिरफ्तार मुख्य आरोपी विदेश में होने की आशंका
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर कुशवाहा 
कटनी। साइबर धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में बिलहरी पुलिस ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल  किया 4.26 करोड़ रुपये के फ्रॉड से जुड़े आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक  अभिनव विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में धोखाधड़ी के मामलों में त्वरित एफआईआर दर्ज कर शीघ्र कार्रवाई के अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती नेहा पच्चिसीया के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक राजेंद्र मिश्रा के निर्देशन में चौकी प्रभारी बिलहरी सुयश पाण्डेय व पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
डोनेशन दिलाने के नाम पर हुआ फ्रॉड
मामले में आवेदक राजेंद्र विश्वकर्मा (56) निवासी रोशन नगर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आर्यवत शिक्षा समिति के लिए डोनेशन दिलाने के नाम पर जीशान पिता कुश्तर उर्फ रहमान निवासी नजीराबाद जिला सतना द्वारा संस्था का एक्सिस बैंक खाता प्राप्त कर उसमें 4.26 करोड़ रुपये का लेनदेन कर धोखाधड़ी की गई।
शिकायत के आधार पर थाना कुठला में अपराध क्रमांक 99/26 धारा 318(4), 319(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान जिस बैंक खाते से धोखाधड़ी की गई, उससे जुड़े मोबाइल नंबर और सिम का उपयोग करने वाले आरोपी अभिषेक नार्कर (25) निवासी पूनम नगर, अंधेरी ईस्ट, मुंबई को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके मित्र प्रशांत पद्मने एवं अब्दुल सत्तार ने उसे एक होटल में मोबाइल लेकर रुकने का काम दिया था, जिसके एवज में उसे 15 हजार रुपये प्रति सप्ताह और 60 हजार रुपये प्रतिमाह देने की बात कही गई थी। मोबाइल में फॉरवर्डेड मैसेज एप के माध्यम से साइबर फ्रॉड की रकम खाते में ट्रांसफर की जाती थी।
मुख्य आरोपी फरार, दुबई में होने की सूचना
जांच में सामने आया है कि प्रशांत पद्मने एवं अब्दुल सत्तार के खिलाफ देशभर में लगभग 54 धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी वर्तमान में फरार बताए जा रहे हैं तथा उनके दुबई में होने की सूचना मिली है। मुंबई पुलिस द्वारा इनके विरुद्ध रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया गया है। गिरफ्तार आरोपी अभिषेक नार्कर को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक राजेंद्र मिश्रा, चौकी प्रभारी बिलहरी सुयश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक दामोदर राव, प्रधान आरक्षक संतोष प्रजापति तथा आरक्षक लव उपाध्याय की सराहनीय भूमिका रही।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper