ई-रिक्शा संचालन व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने हेतु महत्वपूर्ण बैठक आयोजित

  • Share on :

आदित्य शर्मा
इंदौर।  इंदौर शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से आज दिनांक को पुलिस कंट्रोल रूम, पलासिया के सभागृह में ई-रिक्शा संचालन व्यवस्था संबंधी एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
     यह बैठक पुलिस उपायुक्त (प्रभारी यातायात) श्री राजेश कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मॉनिटरिंग कमेटी के सदस्य श्री शरद नाईक, बैटरी ई-रिक्शा संघ के अध्यक्ष श्री राजेश बिडकर तथा ई-रिक्शा चालकों के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान शहर में ई-रिक्शा संचालन को अधिक सुव्यवस्थित बनाने, यातायात नियमों के प्रभावी पालन, संचालन व्यवस्था में सुधार तथा ई-रिक्शा चालकों के साथ समन्वय स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
चर्चा के उपरांत निम्न बिंदुओं पर सहमति बनी
 दिनांक 16 मार्च को ई-रिक्शा सेक्टर प्रबंधन व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी।
 ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने हेतु सेक्टर प्रणाली लागू की जाएगी, जिसमें यातायात पुलिस के साथ ई-रिक्शा संघ की टीम भी सेक्टर वितरण एवं ई-रिक्शा चालकों से समन्वय स्थापित करने में सहयोग करेगी।
 पूर्व में प्रस्तावित 7 सेक्टर के स्थान पर अब 4 सेक्टर बनाने पर सहमति बनी।
 चारों सेक्टरों के लिए अलग-अलग कलर कोडिंग निर्धारित की जाएगी, जिससे संचालन और पहचान में सुविधा होगी।
 चारों सेक्टर का रूट निर्धारण शहर के चारों यातायात जोनों के अनुसार किया जाएगा, ताकि शहर में ई-रिक्शा संचालन व्यवस्थित एवं संतुलित रूप से संचालित हो सके।
    बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने यातायात पुलिस के साथ समन्वय बनाकर शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा ई-रिक्शा संचालन को नियमबद्ध करने के लिए पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
     यातायात पुलिस द्वारा सभी ई-रिक्शा चालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें तथा शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper