सिवनी में रेत खदान के वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच फायरिंग में निर्दोष युवक आया चपेट में, नागपुर रेफर
सिवनी। जिले के उगली थाना क्षेत्र के इमलीटोला में बुधवार की दोपहर रेत खदान को लेकर चल रहा विवाद अचानक हिंसक हो गया। कहासुनी इतनी बढ़ी कि मामला गोलीबारी तक पहुंच गया। दो गुटों के बीच फायरिंग की चपेट में एक स्थानीय निर्दोष युवक विकास पटले आ गया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार विकास पटले का विवाद से कोई संबंध नहीं था। वह पास ही मौजूद था। तभी अचानक चली गोली उसे लग गई। गोली लगते ही युवक जमीन पर गिर पड़ा और आसपास अफरा-तफरी मच गई।
घायल युवक को ग्रामीणों की मदद से तत्काल जिला अस्पताल सिवनी ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि गोली शरीर के बेहद संवेदनशील हिस्से के पास लगी है और उसकी हालत चिंताजनक है। देर रात उसे नागपुर रेफर किया गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इमलीटोला में नई रेत खदान शुरू होने को लेकर दो ठेकेदारों के गुटों में कई दिनों से तनातनी चल रही थी। बुधवार को दोनों पक्ष मौके पर पहुंचे और कहासुनी ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष ने पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी। किसने पहले गोली चलाई, यह अब तक स्पष्ट नहीं है।
साभार नवभारत टाइम्स

