धार रोड पर ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार, डेढ़ लाख का मशरूका जब्त
चंदन नगर पुलिस की एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत कार्रवाई, जावरा ड्रग लिंक की भी जांच
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। शहर में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे राज्यस्तरीय एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत चंदन नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 11.16 ग्राम ब्राउन शुगर और बिना नंबर की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर की रात करीब 9 बजे चंदन नगर पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान धार रोड स्थित सुख समृद्धि गार्डन के सामने एस्सार पेट्रोल पंप के पास बिना नंबर की काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध युवक को रोका गया। पूछताछ में उसकी पहचान मोहम्मद सोहेल (26), निवासी गरीब नवाज बस्ती, ग्रीन पार्क, इंदौर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 11.16 ग्राम पन्नी सहित ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा 50 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1311/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। मामले में मादक पदार्थ के स्रोत और संभावित सप्लाई नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस जावरा क्षेत्र से मादक पदार्थ की संभावित खरीद के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देश, डीसीपी जोन-4 नरेंद्र रावत के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक वेदेंद्र सिंह कुशवाह के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में थाना चंदन नगर पुलिस और साइबर सेल की टीम की सराहनीय भूमिका रही।

