कई वर्षों से बंद पड़ी आंगनवाड़ी बनी परेशानी का कारण, झाड़ियों के बीच जंगली जीवों का खतरा
संवाददाता -पुनीत सेन
खारकलां। जनपद पंचायत खालवा अंतर्गत ग्राम खार कलां के वार्ड क्रमांक 06 में स्थित आंगनवाड़ी केंद्र लंबे समय से बंद पड़ा होने के कारण अब स्थानीय रहवासियों के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है। भवन के आसपास साफ-सफाई नहीं होने से बड़ी-बड़ी झाड़ियां और घास उग आई हैं।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि लंबे समय से बंद पड़े भवन की ओर ग्राम पंचायत एवं संबंधित विभाग द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है। परिसर में झाड़ियां बढ़ने के कारण यहां सांप सहित अन्य जंगली जीवों के छिपे होने की आशंका बनी रहती है। आसपास रहने वाले लोगों को भी जंगली जीवों के घरों और गलियों में आने का डर बना रहता है।
वार्डवासियों का कहना है कि यदि आंगनवाड़ी केंद्र का संचालन बंद है तो जिम्मेदार विभाग को इसकी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। लोगों की मांग है कि या तो आंगनवाड़ी केंद्र को पुनः शुरू किया जाए या फिर भवन एवं परिसर की उचित सफाई कराकर इसे सुरक्षित बनाया जाए।
रहवासियों ने ग्राम पंचायत के सरपंच और संबंधित प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में कोई अप्रिय घटना हो सकती है।

