अंकित बालियान हत्याकांड: यूपी पुलिस और STF का बड़ा एक्शन, एनकाउंटर में दो शूटर ढेर
लखनऊ. उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या के बाद से यूपी पुलिस और एसटीएफ लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी. अब इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कथित शूटरों को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है. मारे गए आरोपियों की पहचान सुमित और मोहित के तौर पर हुई है.
पुलिस की पड़ताल के मुताबिक, अंकित बालियान की हत्या को अंजाम देने के लिए कुल चार शूटर पहुंचे थे. इनमें से दो का एनकाउंटर हो चुका है. जांच में यह भी सामने आया है कि चार शूटरों के अलावा दो अन्य लोग रेकी और दूसरी मदद में शामिल थे. यानी अब तक की जांच में हत्याकांड से जुड़े कुल 6 लोगों की भूमिका सामने आई है.
वारदात के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली थी. फुटेज के आधार पर पुलिस ने चारों शूटरों की पहचान कर ली थी. सामने आया कि गोली चलाने वाले शूटर हरियाणा के हिसार और रोहतक के रहने वाले हैं. इनमें से एक आरोपी पहले भी हत्या के मामले में जेल जा चुका था, जबकि बाकी तीन के खिलाफ छोटे-मोटे अपराधों की जानकारी सामने आई थी.
आरोपियों की पहचान सामने आने के बाद हरियाणा पुलिस ने उनके घरों और रिश्तेदारों के ठिकानों पर दबिश दी. परिवार और करीबियों से पूछताछ शुरू हुई तो शूटरों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए और फरार हो गए. इसके बाद यूपी एसटीएफ ने उनकी तलाश तेज कर दी थी.
जांच में अंकित बालियान की कॉल डिटेल और व्हाट्सऐप मैसेजिंग हिस्ट्री को भी खंगाला गया. पुलिस हत्याकांड के पीछे मौजूद मददगारों और साजिश में शामिल लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही थी.
साभार आज तक

