नवरात्रि व दशहरा शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील
शांति समिति की बैठक में कलेक्टर ने दिए आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश
सवादता -पुनीत सेन
खंडवा। आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को लेकर गुरुवार को कलेक्टर सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्री ऋषभ गुप्ता ने की। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन सहित प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने शांति समिति के सदस्यों से नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को आपसी सद्भाव, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने निर्देश दिए कि जुलूस एवं चल समारोह के दौरान डीजे साउंड सिस्टम का कम से कम उपयोग किया जाए। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह, भ्रामक अथवा विवादित संदेशों को पोस्ट या साझा करने से बचने की अपील की गई।
बैठक में नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के दौरान शहर की सड़कों की आवश्यक मरम्मत, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। कलेक्टर ने नवरात्रि में मिट्टी की मूर्तियों की स्थापना को प्रोत्साहित करने तथा प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियों पर प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गणेश विसर्जन की तर्ज पर माता की प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं करने तथा शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित और चिन्हित स्थानों पर ही प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
मूर्ति स्थापना एवं गरबा आयोजन करने वाले आयोजकों को आवश्यक अनुमति लेने, आयोजन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था करने तथा विद्युत विभाग से नियमानुसार बिजली कनेक्शन की अनुमति लेने के निर्देश दिए गए। संबंधित विभागों को नियमित निरीक्षण करने के लिए भी कहा गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन ने सोशल मीडिया पर ऐसे संदेश पोस्ट या साझा नहीं करने की अपील की, जिनसे शहर का माहौल खराब हो सकता है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

