एशियन गेम्स 2026: रोइंग में सतनाम सिंह और सलमान खान ने जीता कांस्य पदक, भारत को मिला 13वां मेडल

  • Share on :

आइची-नागोया। एशियन गेम्स 2026 के छठे दिन की शुरुआत भारतीय दल के लिए बेहद शानदार रही है। रोइंग के मेन्स डबल स्कल्स फाइनल में भारत की स्टार जोड़ी सतनाम सिंह और सलमान खान ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम कर लिया है। भारतीय जोड़ी ने 2,000 मीटर की रेस 6:13.25 सेकंड में पूरी की। इस स्पर्धा का गोल्ड मेडल चीन की जोड़ी (यी शुदी / निए यिदे - 3.48 सेकंड आगे) ने और सिल्वर मेडल उज्बेकिस्तान की जोड़ी (ममेत्कुलोव / पेल सोरिन - 2.76 सेकंड आगे) ने अपने नाम किया।
सतनाम सिंह और सलमान खान की जोड़ी ने रेस की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। 500 मीटर, 1000 मीटर और 1500 मीटर की दूरी तक भारतीय जोड़ी मजबूती से दूसरे स्थान पर बनी हुई थी और एक समय वे चीनी जोड़ी से महज आधा सेकंड पीछे थे। हालांकि अंतिम 500 मीटर में चीनी और उज़्बेक रोवर्स ने ज़ोरदार स्प्रिंट लगाकर बढ़त बना ली, लेकिन भारतीय रोवर्स ने अपनी लय बरकरार रखते हुए तीसरे स्थान पर फिनिश कर भारत को ब्रॉन्ज मेडल दिला दिया। हाल ही में रोइंग फेडरेशन द्वारा किए गए क्रू बदलावों के बाद इस जोड़ी का यह पदक भारतीय रोइंग दल के लिए बड़ी राहत लेकर आया है।
मेन्स सिंगल स्कल्स में भारत के स्टार रोवर बलराज पंवार बेहद करीब आकर मेडल से चूक गए और चौथे स्थान पर रहे। बलराज भी 1500 मीटर तक दूसरे स्थान पर चल रहे थे और जापान के तात्सुया साकुरामा से 5 सेकंड आगे थे। लेकिन आखिरी 500 मीटर में उज्बेकिस्तान और जापान के रोवर्स ने तेजी दिखाई, जिसके कारण बलराज 6:54.80 के समय के साथ चौथे नंबर पर खिसक गए। सतनाम और सलमान के इस ब्रॉन्ज मेडल के साथ ही जारी एशियन गेम्स 2026 में भारत के पदकों की कुल संख्या 13 (1 गोल्ड, 5 सिल्वर, 7 ब्रॉन्ज) पहुंच गई है।
साभार नवभारत टाइम्स 

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper