वृद्धावस्थाजन्य रोग निवारण के लिए आयुष स्वास्थ्य शिविर सम्पन्न
शिविर में वृद्धजनों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर औषधियों का वितरण किया गया
इन्दौर । इंदौर में जिला प्रशासन, संचालनालय आयुष विभाग भोपाल, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण संचालनालय भोपाल तथा आयुष विभाग इंदौर के संयुक्त तत्वावधान में वृद्धावस्थाजन्य रोग निवारण शिविर का आयोजन किया गया। समाज कल्याण परिसर परदेशीपुरा में स्थित आस्था वृद्धजन सेवा आश्रम में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में वृद्धजनों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर औषधियों का वितरण किया गया। साथ ही वृद्धजनों के स्वास्थ्य के लिए योग, खेलकूद सहित अन्य गतिविधियों का आयोजन भी किया गया।
संभागीय आयुष अधिकारी डॉ. मीना भायल एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. हंसा बारिया ने बताया कि आश्रम में निवासरत 93 वृद्धजनों का ब्लड प्रेशर एवं रक्त शर्करा परीक्षण किया गया। जाँच उपरांत सभी को निःशुल्क आयुर्वेद एवं होम्योपैथी औषधियों का वितरण किया गया।
डॉ. मनीष रघुवंशी एवं डॉ. पायल कंसोटिया ने स्वास्थ्य संवर्धन के उद्देश्य से वृद्धजनों को सरल योग एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। साथ ही मौसमी रोगों से बचाव हेतु उपयुक्त आहार-विहार संबंधी जानकारी प्रदान की गई। डॉ. घनश्याम डावर एवं दिनेश बंसल ने बताया कि शारीरिक एवं मानसिक स्फूर्ति को बढ़ावा देने के लिए छोटे-छोटे खेलों का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी वृद्धजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
शिविर के माध्यम से वृद्धजनों को समग्र स्वास्थ्य सेवाएँ, जागरूकता एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। उपस्थित लाभार्थियों एवं आश्रम प्रबंधक सुश्री सोनिया ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से वृद्धजनों का मनोबल भी बढ़ता है।

