बड़ौदिया की बेटी एडवोकेट मोनिका शर्मा को दुबई में अंतरराष्ट्रीय हिंदी गौरव सम्मान
दिलीप पाटीदार
राजगढ़-बड़ौदिया। वैसे तो प्रतिभाओं को ना दबाया जा सकता है और ना ही छुपाया जा सकता हैं क्योंकि प्रतिभाएं स्वयं ही अपने आपको बाहर निकालने में सक्षम होती है। इस बात को एक बार फिर साबित किया है छोटे से गांव बड़ौदिया की एक बेटी ने। अपने माता-पिता तथा गांव का नाम रोशन किया दरअसल, हिंदी भाषा के प्रचार -प्रसार तथा साहित्यिक गतिविधियों में सक्रिय युवा अधिवक्ता बड़ौदिया निवासी मोनिका शर्मा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ‘‘हिंदी गौरव सम्मान 2026‘‘ से दुबई में सम्मानित किया गया है। यह सम्मान अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक संस्था “अंतरराष्ट्रीय साहित्य अर्पण, दुबई” द्वारा हिंदी भाषा और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रचनाकारों को प्रदान किया जाता है। गौरतलब है कि मोनिका शर्मा विधि के क्षेत्र में सक्रिय रहने के साथ-साथ हिंदी साहित्य और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में भी निरंतर कार्य कर रही हैं। उनकी पुस्तक “21वीं सदी की नारी” प्रकाशित हो चुकी है, जिसमें समकालीन समाज में महिलाओं की भूमिका और सशक्तिकरण से जुड़े विषयों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है। बालिका के परिजन रमणलाल शर्मा बताते हैं कि बालिका के पिता ग्राम बड़ौदिया में ही रहकर छोटी सी आटा-चक्की की दुकान संचालित करते हैं। बालिका की प्रतिभा को पहचान कर उसे पढ़ाई हेतु बाहर भेजा गया था।
30 से अधिक सम्मान प्राप्त कर चुकी है मोनिका
मोनिका के भाई विमल शर्मा ने बताया कि मोनिका अब तक साहित्य और हिंदी भाषा के प्रति उनके योगदान के लिए लगभग 30 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त कर चुकी हैं। मोनिका कहती हैं कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम ही नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति और पहचान की अभिव्यक्ति है। वे आगे भी हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार तथा समाज में कानूनी जागरूकता के लिए निरंतर कार्य करती रहेंगी।
एडवोकेट मोनिका शर्मा की यह उपलब्धि विशेष रूप से महिलाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने यह सिद्ध कर दिया कि यदि दृढ़ संकल्प और मेहनत हो, तो किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल की जा सकती है।
उनकी सफलता से न केवल हिंदी भाषा को मजबूती मिली है, बल्कि समाज में महिलाओं की भूमिका और योगदान को भी नई पहचान मिली है।
यह सम्मान इस बात का प्रतीक है कि छोटे से गांव से निकलकर भी प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं।

