भगत सिंह और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के बीच केजरीवाल की तस्वीर लगाए जाने पर भगत सिंह के पोते नाराज

  • Share on :

नई दिल्ली। भगत सिंह के पोते युद्धविंदर सिंह ने शहीद-ए-आजम के साथ अरविंद केजरीवाल की तुलना पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यह देखकर उन्हें और भगत सिंह के प्रेमियों को बहुत बुरा लगा है। युद्धविंदर सिंह ने आम आदमी पार्टी से भविष्य में ऐसा नहीं करने की अपील की है। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी करके अपनी प्रतिक्रिया दी है। अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस में भगत सिंह और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के बीच आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल की तस्वीर नजर आई थी।
दो महापुरुषों के बीच शराब घोटाले के केस में जेल गए केजरीवाल की तस्वीर दिखने पर विवाद खड़ा हो गया। भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। भाजपा ने इसे भगत सिंह और अंबेडकर का अपमान बताया। वहीं, आम आदमी पार्टी ने यह कहकर अपना बचाव किया कि केजरीवाल भगत सिंह की तरह ही तानाशाही के खिलाफ लड़ रहे हैं और इसलिए जेल गए हैं। अब भगत सिंह के पोते ने भी इस तुलना पर नाराजगी जाहिर की है।
युद्धविंदर सिंह ने एक वीडियो संदेश में कहा, 'यह देखकर बहुत बुरा लगा। आम आदमी पार्टी को इस तरह नहीं करना चाहिए। किसी भी राजनेता को भगत सिंह और अंबेडकर जी के साथ अपनी तुलना नहीं करनी चाहिए। अपनी व्यक्तिगत राजनीति अपनी तरह करें, लेकिन इन महान लोगों से तुलना नहीं करनी चाहिए। हम इनके दिखाए रास्तों पर चलने का प्रयास कर सकते हैं। मुझे पूरे भारतवर्ष से प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। भगत सिंह और बाबा साहेब के प्रेमियों को बहुत बुरा लगा है कि उनके साथ अरविंद केजरीवाल जी की तुलना की गई है। भविष्य में आम आदमी पार्टी इससे बचे।'
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper