भावांतर भुगतान योजना: इंदौर के 161 किसानों के खातों में पहुँची लंबित राशि, 35 किसानों का भुगतान जल्द
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। मुख्यमंत्री कृषक कल्याणकारी भावांतर भुगतान योजना के तहत इंदौर जिले के 161 पात्र किसानों को बड़ी राहत मिली है। बैंक खातों में तकनीकी एवं अन्य समस्याओं के चलते तीन या उससे अधिक बार असफल हुए भुगतान का समाधान कर 18 अगस्त 2026 को लंबित राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में सफलतापूर्वक अंतरित कर दी गई।
प्रबंध संचालक के निर्देशन एवं कलेक्टर इंदौर श्री शिवम् वर्मा के नेतृत्व में विशेष पहल करते हुए किसानों के बैंक खातों से जुड़ी त्रुटियों को दूर कराया गया। कलेक्टर के निर्देश पर कृषि उपज मंडी समिति इंदौर के सचिव श्री ओ.पी. खेड़े एवं भावांतर भुगतान योजना की जिला समिति के अधिकारियों ने भुगतान प्रक्रिया को पूरा कराया।
जानकारी के अनुसार प्रथम सूची में शामिल सभी 161 किसानों के बैंक खातों की त्रुटियों का निराकरण कर लंबित भुगतान किया जा चुका है। वहीं शेष 35 किसानों को भी जल्द भुगतान किए जाने की प्रक्रिया जारी है।
लंबे समय से प्रतीक्षित भुगतान मिलने पर लाभान्वित किसानों ने प्रबंध संचालक श्री कुमार पुरुषोत्तम, कलेक्टर इंदौर श्री शिवम् वर्मा, मंडी भारसाधक अधिकारी श्री रोशन राय, मंडी सचिव श्री ओ.पी. खेड़े सहित जिला स्तरीय समिति के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
किसानों का कहना है कि लंबित भुगतान मिलने से उन्हें आर्थिक राहत मिली है और शासन-प्रशासन द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई सराहनीय है।

