खाद गोदाम पर भोपाल की टीम का औचक छापा; बोरियों की गिनती कर खंगाले दस्तावेज
तुकइथड़ केंद्र का मामला: सवालों पर अधिकारियों ने साधी चुप्पी, 'सालाना ऑडिट' का दिया हवाला
महेन्द्र मालवीय रणजीत टाईम्स बुरहानपुर
बुरहानपुर | समाचार सेवा मध्य प्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित के रासायनिक खाद भंडारण केंद्रों की व्यवस्थाओं को परखने के लिए भोपाल से आए उच्च अधिकारियों के दल ने ग्राम तुकइथड़ स्थित खाद गोदाम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खंडवा एवं बुरहानपुर जिले की प्रभारी डी.एम.ओ. (DMO) श्वेता सिंह भी टीम के साथ मौजूद रहीं।
दस्तावेजों और स्टॉक का हुआ मिलान निरीक्षण दल ने गोदाम में पहुँचते ही सबसे पहले खाद की बोरियों की भौतिक गणना शुरू की। टीम ने ऑफिशियल पेपरों और स्टॉक रजिस्टर का मिलान किया ताकि यह पता लगाया जा सके कि रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में कोई अंतर तो नहीं है। भोपाल से आई टीम प्रदेश के विभिन्न केंद्रों का लगातार दौरा कर रही है, जिसके तहत तुकइथड़ केंद्र की भी बारीकी से जांच की गई।
मीडिया के कैमरों से बचते रहे अधिकारी पूरी कार्यवाही के दौरान अधिकारी मीडिया से दूरी बनाए रहे। जब पत्रकारों ने निरीक्षण में मिली खामियों या स्टॉक की स्थिति को लेकर सवाल किए, तो अधिकारियों ने कैमरे के सामने आने से परहेज किया। किसी भी ठोस जानकारी के बदले टीम ने केवल 'सालाना ऑडिट' होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया।
संदेह के घेरे में चुप्पी अधिकारियों के इस टालमटोल भरे रवैये ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। चर्चा है कि क्या गोदाम के प्रबंधन में कोई बड़ी कमी पाई गई है या रिकॉर्ड में गड़बड़ी है, जिसे छिपाने का प्रयास किया जा रहा है? खाद की किल्लत और वितरण व्यवस्था को लेकर पहले ही किसान परेशान हैं, ऐसे में जांच दल की यह गोपनीयता संशय पैदा कर रही है।

