शिवपुरी में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार; 7 लाख की 10 मोटरसाइकिलें बरामद
कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, चोरी की अपाचे बाइक से खुला मामला; आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया
शिवपुरी से ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट
शिवपुरी। शिवपुरी शहर में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 10 चोरीशुदा मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
घर में घुसकर चुराई थी अपाचे बाइक
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को फरियादी भूरा रावत (31), निवासी न्यू पुलिस लाइन, रेलवे स्टेशन रोड, शिवपुरी ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर अपाचे मोटरसाइकिल क्रमांक MP33-ZB-1154 चोरी कर ले गया है। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 797/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर पकड़े गए तीनों आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति और नगर पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
15 अक्टूबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्वालियर बायपास रोड स्थित पुराने टोल टैक्स के पास तीन व्यक्ति अपाचे मोटरसाइकिल लेकर खड़े हैं और उसे बेचने की फिराक में हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
1. प्रिंस अग्रवाल (25), निवासी विवेकानंद चौराहा, मगरौनी, थाना नरवर, जिला शिवपुरी।
2. अनवर (35), निवासी तलैया मोहल्ला, पुरानी शिवपुरी।
3. निजाम शाह (30), निवासी मगरौनी, थाना नरवर, जिला शिवपुरी।
बंद पड़े प्लांट से मिलीं आठ मोटरसाइकिलें
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने रेलवे स्टेशन रोड स्थित एक घर से अपाचे मोटरसाइकिल चोरी करने के साथ ही शहर के अलग-अलग स्थानों से कुल 10 मोटरसाइकिलें चोरी करने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर रेलवे स्टेशन रोड स्थित लंबे समय से बंद पड़े शारदा साल्वेट प्लांट से आठ मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस ने कुल 10 चोरीशुदा मोटरसाइकिलें जब्त की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 7 लाख रुपये बताई गई है।
बरामद वाहनों में से आठ मोटरसाइकिलों की जब्ती इस्तगासा क्रमांक 0/26 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) तथा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 106 और 35(1)(ई) के अंतर्गत की गई है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे, उप निरीक्षक सुमित शर्मा, प्रधान आरक्षक अजेन्द्र सिंह परिहार, गजेन्द्र परिहार, दिनेश कुमार, महाराज सिंह, नरेश दुबे, आरक्षक राहुल कुमार और आरक्षक चालक शरद यादव की भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि मोटरसाइकिल चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है। बरामद वाहनों के संबंध में भी आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

