प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन पर देश-विदेश से शुभकामनाएं: मुख्यमंत्रियों ने बताया 'नए भारत का शिल्पी'

  • Share on :

नई दिल्ली। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उनकी जन्मभूमि वडनगर (गुजरात) से लेकर मौजूदा राजनीतिक कर्मभूमि वाराणसी (उत्तर प्रदेश) तक उत्सव जैसा माहौल है। उनके समर्थकों के अलावा देश के सांविधानिक पदों पर आसीन हस्तियां भी उन्हें बधाई दे रही हैं। पीएम मोदी को विदेश से भी जन्मदिन के शुभकामना संदेश भेजे जा रहे हैं। 
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन पर प्रदेशवासियों की ओर से बधाई दी। उन्होंने कहा कि पूरा देश ‘सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए यह दिन मना रहा है। शर्मा ने पीएम मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में विकास की गति तेज हुई है। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं से लाखों परिवारों को लाभ मिला है, वैश्विक मंच पर भारत का आत्मविश्वास बढ़ा है और आंतरिक सुरक्षा मजबूत हुई है। 
राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने देश में गरीबी से लड़ने के लिए कई महत्वपूर्ण काम किए हैं। आज दुनिया भारत की बढ़ती भूमिका और प्रभाव को देख रही है। उन्होंने पीएम मोदी के लिए गुरु महाराज से आशीर्वाद और शुभकामनाएं मांगीं।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने जनसेवा के जरिए राष्ट्र निर्माण को नई दिशा दी और भारत के आत्मविश्वास को नई ऊंचाई दी। उन्होंने पीएम मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मोदी को ‘नए भारत का शिल्पी’ और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के स्वप्नद्रष्टा बताया। योगी ने कहा कि उनके नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, सुशासन, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए कीर्तिमान बना रहा है।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper