भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने किया दावा, कांग्रेस के 150 सांसदों को रूस से मिलती थी फंडिंग

  • Share on :

नई दिल्ली। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने सोमवार को कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला। 2011 में अमेरिकी खुफिया एजेंसी की ओर से जारी एक दस्तावेज को एक्स पर साझा करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि दिवंगत कांग्रेस नेता एचकेएल भगत के नेतृत्व में 150 से अधिक कांग्रेस सांसदों को रूस से फंडिंग मिली थी। इन सांसदों ने रूस के एजेंट के तौर पर काम किया था। 
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने एक्स पर लिखा कि कांग्रेस, भ्रष्टाचार और गुलामी। यह अवर्गीकृत गुप्त दस्तावेज 2011 में सीआईए ने जारी किया था। इसके मुताबिक दिवंगत कांग्रेस नेता एचकेएल भगत के नेतृत्व में 150 से अधिक कांग्रेस सांसदों को सोवियत रूस ने फंडिंग की थी। ये सांसद रूस के एजेंट के रूप में काम कर रहे थे?
उन्होंने कहा कि पत्रकारों का एक समूह उनका एजेंट था। रूस ने कुल 16,000 समाचार प्रकाशित कराए थे। इसका अमेरिकी खुफिया एजेंसी के दस्तावेज में जिक्र है। उस समय के आसपास रूसी खुफिया एजेंसियों के 1100 लोग भारत में थे, जो नौकरशाहों, व्यापारिक संगठनों, कम्युनिस्ट पार्टियों और राय निर्माताओं को अपनी जेब में रखकर भारत की नीतियों को आकार और सूचनाएं भी दे रहे थे।  
उन्होंने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार सुभद्रा जोशी ने उस समय चुनाव के नाम पर जर्मन सरकार से पांच लाख रुपये लिए और वे हारने के बाद इंडो-जर्मन फोरम की अध्यक्ष बन गईं। क्या यह देश है या गुलामों, एजेंटों और बिचौलियों की कठपुतली? कांग्रेस को जवाब देना चाहिए, क्या इस पर जांच होनी चाहिए या नहीं?
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper