उज्जैन में खूनी संघर्ष: भाजपा नेता के दो भतीजों की मौत, पुरानी रंजिश में सरेआम फायरिंग और तलवारबाजी
उज्जैन। पुरानी रंजिश ने शनिवार रात उज्जैन को दहला दिया। नीलगंगा थाना क्षेत्र के जूना अखाड़ा चौराहे पर दरबार फूड रेस्टोरेंट के सामने ताबड़तोड़ फायरिंग और हमले में भाजपा नेता के भतीजे लोकेश गोरकर की जान चली गई। रविवार सुबह मृतक लोकेश गोरकर के भाई जय गोरकर की भी मौत हो गई है। तलवार के हमलों की वजह से जय गंभीर रूप से घायल हुआ था। उसका इलाज चल रहा था। अभी इस खौफनाक वारदात में गंभीररूप से घायल परिवार के दो अन्य सदस्य उपचाररत हैं।
ये हमलावर पासी गुट के बताए जा रहे हैं। रात करीब 11 बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले लाठी-डंडे, तलवार और पत्थर चले, फिर ताबड़तोड़ चार राउंड फायरिंग हुई। एक गोली लोकेश गोरकर के सीने में लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। हमले में लोकेश को बचाने आए उनके भाई जय गोरकर, तपन गोरकर और ताऊ दिलीप गोरकर सहित परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। लेकिन सुबह आई जय गोरकर की मौत के खबर ने इस पूरे मामले को और भी हाईप्रोफाइल बना दिया है।
एडिशनल एसपी गुरुप्रसाद पाराशर के मुताबिक, गोरकर और पासी परिवार के बीच होली के दिन एक महिला को लेकर विवाद हुआ था। उस समय पुलिस ने मामला शांत करा दिया था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच रंजिश खत्म नहीं हुई। इसी पुरानी दुश्मनी के चलते शनिवार रात दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए।
साभार अमर उजाला

