शिवपुरी पुलिस की 'गुगली' में फंसा सट्टेबाज: मटका पार्क के पास से अर्पित रावत गिरफ्तार
शिवपुरी से ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट
शिवपुरी | आईपीएल के खुमार के बीच सट्टे का बाजार भी गर्म है, लेकिन शिवपुरी की कोतवाली पुलिस ने इस अवैध खेल पर अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस कप्तान अमन सिंह राठौड़ के सख्त तेवरों के बाद कोतवाली पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खिलवाते हुए एक युवक को रंगे हाथों दबोचा है।
पुलिस को देखते ही छूटे पसीने
सूचना मिली थी कि मटका पार्क के पास एक युवक मोबाइल के जरिए आईपीएल मैचों पर दांव लगवा रहा है। कोतवाली टीआई रोहित दुबे ने तत्काल टीम गठित कर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी अर्पित रावत (निवासी ग्राम पड़ोरा) ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद टीम ने उसे चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया।
मोबाइल में खुला सट्टे का 'सॉफ्टवेयर'
जब पुलिस ने अर्पित की तलाशी ली, तो उसके पास से वन प्लस कंपनी का कीमती मोबाइल बरामद हुआ। मोबाइल चेक करने पर उसमें ऑनलाइन आईपीएल सट्टा खिलवाने की लिंक और लंबी-चौड़ी ट्रांजैक्शन हिस्ट्री पाई गई। पुलिस ने आरोपी के पास से:
एक वन प्लस मोबाइल (कीमती करीब 20,000 रुपये)
1500 रुपये नगद बरामद किए हैं।
दर्ज हुआ मुकदमा, जारी रहेगी कार्रवाई
कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 256/26 के तहत धारा 4 सट्टा अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आईपीएल के दौरान इस तरह की अवैध गतिविधियों पर उनकी पैनी नजर है और यह कार्रवाई आगे भी इसी रफ्तार से जारी रहेगी।

