कैबिनेट विस्तार की आहट: 6-7 सितंबर को सामने आ सकती है मोदी सरकार की नई टीम

  • Share on :

नई दिल्ली। राजनीति में कई बार जो होता है, उससे ज्यादा वह बोलता है जो नहीं होता। बुधवार, दो सितंबर को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक नहीं हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक दिन पहले ही बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन से लौट चुके थे। दिल्ली में थे, जल संसाधन मंत्रालय के कार्यक्रम में भी गए। इसके बावजूद बुधवार खाली गुजर गया। इस सन्नाटे को समझना हो तो पिछले बुधवार पर लौटना होगा।
26 अगस्त..! मंत्रिमंडल की बैठक हुई और बाद में कोई फैसला नहीं बताया गया। यानी मेज पर ऐसा कुछ रखा ही नहीं गया था, जिसकी घोषणा होनी हो। लेकिन उसी बैठक में प्रधानमंत्री ने अपने मंत्रियों से जो कहा, वही सबसे बड़ा संकेत है। उन्होंने कहा, अगली मंत्रिमंडल बैठक में नए साथी जुड़ेंगे। यह बात पहली बार अमर उजाला बता रहा है। और यही बात बताती है कि मंत्रिमंडल की अगली बैठक अब उसी दिन होगी, जिस दिन मेज के चारों तरफ कुछ नए चेहरे बैठे होंगे।
विदेश मंत्री एस जयशंकर तीन से पांच सितंबर तक यूक्रेन और पोलैंड की यात्रा पर रहेंगे। 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन है, जिसकी मेजबानी भारत कर रहा है और जिसमें दुनियाभर के नेता जुटेंगे। उसके बाद 17 सितंबर से भाजपा का महीने भर चलने वाला सेवा संकल्प अभियान शुरू हो जाएगा। इन तारीखों के बीच छह और सात सितंबर यानी रविवार और सोमवार की िखड़की बचती है। सत्ता के गलियारों में यही अनुमान है कि इसी खिड़की में मोदी की टीम नए कलेवर में सामने आ सकती है।
फेंटे जाएंगे मंत्रालय : मंत्रालय बड़े पैमाने पर फेंटे जाएंगे। तीन, चार विभागों वाले मंत्रियों से कुछ जिम्मेदारियां लेकर नए चेहरों को दी जा सकती हैं। एक चौंकाने वाला नाम सामने आ सकता है। युवा पीढ़ी से संवाद की क्षमता भी तौली जा रही है। शिक्षा मंत्रालय में बौद्धिक चेहरा दिख सकता है।
उम्र सबसे बड़ी कसौटी: कैबिनेट में 70 वर्ष से अधिक के 14 मंत्री हैं और इनमें कटौती तय है। इनमें से कुछ को संगठन जबकि कुछ को राज्यों में भूमिका दिए जाने की उम्मीद है।  
गठबंधन का भी दबाव : तृणमूल कांग्रेस से टूटकर बना 20 सांसदों का गुट अब एनडीए में है। उन्हें जगह देनी होगी।  शिंदे वाली शिवसेना के सांसद भी जेडी (यू) से ज्यादा हो चुके हैं। एनसीपी भी ज्यादा सीटें मांग रही है। डीएमके को साधने में भी मंत्रिपद काम आएगा।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper