राई पंचायत में प्रस्फुटन समितियों का क्षमता वर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
शिवम् प्रजापति
सेक्टर राई क्रमांक 5 की राई पंचायत में नवांकुर संस्था के प्रभारी श्री कृष्णा साहू के तत्वावधान में प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों की कार्यक्षमता बढ़ाने एवं ग्राम विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से क्षमता वर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के छायाचित्र पर तिलक-वंदन एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विकासखंड समन्वयक श्रीमती डॉ. निलेश्वरी वैश्य उपस्थित रहीं। साथ ही उपस्वास्थ्य केंद्र से श्री ए.एस. पंद्राम एवं श्री सुरेश मरकाम तथा क्षेत्र के पंचगण की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में मेंटर श्री निर्मल मरकाम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रशिक्षण के दौरान प्रस्फुटन समितियों की भूमिका, उनके दायित्व, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक सहभागिता, ग्राम विकास एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।
इसके साथ ही उपस्वास्थ्य केंद्र से उपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा सिकल सेल एनीमिया, टीबी (क्षय रोग), गर्भावस्था एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। उन्होंने इन बीमारियों के लक्षण, बचाव, समय पर जांच एवं उपचार के महत्व के बारे में विस्तार से बताया तथा स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने समिति के सदस्यों को समाजहित एवं ग्राम विकास के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने तथा शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में प्रस्फुटन समिति के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
शक्ति से सृजन – जनभागीदारी से ग्राम विकास की ओर एक सार्थक पहल।

