अवैध गांजा बिक्री और सप्लाई करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 1.430 किलो गांजा जब्त

  • Share on :

 अमलाई पुलिस की कार्रवाई में ₹22,300 का मशरूका बरामद, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज 
 साहिल खान 
शहडोल। जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन एवं तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देश पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना अमलाई पुलिस ने अवैध गांजा बेचने वाले एक आरोपी और गांजा सप्लाई करने वाले दूसरे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली कि अमलाई थाना क्षेत्र के ग्राम बिलिया, वार्ड क्रमांक 04 निवासी बृजेन्द्र सिंह (57 वर्ष) अवैध गांजा रखकर राहगीरों को बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी की नियमानुसार तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से 1.430 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत ₹14,300 बताई गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी बृजेन्द्र सिंह ने गांजा ग्राम बकही, थाना चचाई, जिला अनूपपुर निवासी घनश्याम महरा (34 वर्ष) से प्राप्त करना बताया। इसके बाद पुलिस टीम ने ग्राम बकही पहुंचकर दूसरे आरोपी घनश्याम महरा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से सैमसंग कंपनी का एक मोबाइल फोन, जिसकी कीमत करीब ₹8,000 है, जब्त किया गया। पूछताछ में घनश्याम महरा द्वारा गांजा सप्लाई करने की बात स्वीकार की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना अमलाई में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। कार्रवाई के दौरान कुल 1.430 किलोग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन सहित ₹22,300 का मशरूका जब्त किया गया।
सराहनीय भूमिका: पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी अमलाई निरीक्षक भूपेन्द्र मणि पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। इसमें सउनि अमृतलाल परस्ते, सउनि शिवनारायण प्रजापति, प्रधान आरक्षक पुष्पेन्द्र कुमार, मुकेश कुमार, शिवप्रसाद उईके, आरक्षक रविशंकर, मुरका प्रसाद साकेत, महिला आरक्षक अमीना मरकाम, खुशबू प्रजापति तथा साइबर सेल शहडोल के आरक्षक सत्यप्रकाश मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper