चल समारोह में युवती से अभद्रता का मामला: FIR के बाद भी आरोपी फरार, पुलिस के हाथ अब तक खाली
सह संपादक -दीपक वाड़ेकर
धरमपुरी (धार)। स्थानीय पुनर्वास क्षेत्र में गणगौर चल समारोह के दौरान कानून की छात्रा और उसके परिवार के साथ हुई मारपीट व अभद्रता के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिससे पीड़ित परिवार में असुरक्षा का माहौल है।
क्या था मामला?
इंदौर में एलएलबी (LLB) की पढ़ाई कर रही शिवानी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 मार्च की रात चल समारोह के दौरान अल्केश बामनिया, सौरभ आर्य, बंशी वर्मा, राधु कटुकिया और मिथुन आर्य ने उनके साथ अश्लील गालियां देते हुए मारपीट की थी। बीच-बचाव करने आए भाई और बहन को भी चोटें आई थीं। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं 79, 115(2), 296(b), 351(3) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस का आश्वासन, पर कार्रवाई सिफर
पीड़ित परिवार का कहना है कि पुलिस द्वारा बार-बार यह आश्वासन दिया जा रहा है कि "अपराधी जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे", लेकिन धरातल पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आई है। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से वे बेखौफ घूम रहे हैं, जो पीड़िता और गवाहों के लिए खतरे का सबब बन सकता है।
CM हेल्पलाइन पर पहुंची शिकायत
पुलिस की सुस्त कार्रवाई से असंतुष्ट होकर फरियादिया ने अब मुख्यमंत्री (CM) हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज करा दी है। पीड़िता ने मांग की है कि महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।

