चंदन नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एमडी ड्रग्स के साथ आरोपी गिरफ्तार
सिविल ड्रेस में ग्राहक बनकर पुलिस ने पकड़ा, 1.60 लाख की ड्रग्स जब्त
पत्रकार खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चंदन नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से करीब 15.09 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की गई है, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 60 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस टीम ने सिविल ड्रेस में ग्राहक बनकर कार्रवाई की। चंदन नगर सर्विस रोड पर संदिग्ध युवक को पकड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागने लगा। पुलिस ने आरोग्य अस्पताल के पीछे खाली मैदान में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से अवैध एमडी ड्रग्स बरामद हुई।
पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद हनीफ उर्फ सोनू खान (30) निवासी राजकुमार नगर, इंदौर बताया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और कम दाम में ड्रग्स खरीदकर महंगे दामों में बेचता था। साथ ही उसने यह भी कबूल किया कि वह आजाद नगर क्षेत्र से ड्रग्स लाकर यहां सप्लाई करता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना चंदन नगर में अपराध क्रमांक 467/26 धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी से ड्रग्स के नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तिलक कारोले सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।

