इंदौर पुलिस कमिश्नरेट में थाना चंदन नगर बना नंबर-1, एमआईजी सबसे अंतिम स्थान पर
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा थानों के कार्यों के मासिक मूल्यांकन के मई माह के परिणाम जारी कर दिए गए हैं। बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण, पारदर्शिता और जनसंतुष्टि के मापदंडों पर किए गए मूल्यांकन में थाना चंदन नगर ने पूरे कमिश्नरेट में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में शुरू की गई मानकीकृत मूल्यांकन प्रणाली के तहत शहर के सभी 32 पुलिस थानों के कार्यों की समीक्षा की जाती है। इसमें अपराध नियंत्रण, प्रकरणों के निराकरण, जनसंतुष्टि, नवाचार, जवाबदेही एवं अन्य निर्धारित मापदंडों के आधार पर थानों की रैंकिंग तय की जाती है।
मई माह के कार्यों के मूल्यांकन में ज़ोन-4 के थाना चंदन नगर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। वहीं थाना कनाड़िया दूसरे और थाना भंवरकुआ तीसरे स्थान पर रहा। दूसरी ओर निर्धारित मापदंडों पर औसत प्रदर्शन के चलते थाना एमआईजी सबसे अंतिम स्थान पर रहा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस मूल्यांकन प्रणाली का उद्देश्य थानों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना तथा पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी, उत्तरदायी और जनोन्मुखी बनाना है। इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

