कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में बवाल: कनॉट प्लेस और पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में दर्ज हुई एफआईआर

  • Share on :

नई दिल्ली. कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के 'संसद चलो' मार्च के दौरान हुई भारी हिंसा के बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. प्रदर्शन के दौरान हुए पथराव और तोड़फोड़ को लेकर पुलिस ने दिल्ली के दो अलग-अलग थानों- कनॉट प्लेस और पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में उपद्रवियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली हैं.
कनॉट प्लेस थाने में दर्ज एफआईआर अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ दर्ज की गई है. सोमवार को कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल में रीगल सिनेमा के पास भीड़ ने जमकर बवाल काटा था. इस दौरान पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई और पुलिस टीम पर जमकर पथराव भी किया गया. इसके अलावा जनपथ पर कई दुकानों को नुकसान पहुंचाया गया.
वहीं दूसरी ओर, पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में भी भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है. इसमें सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, दंगा करने, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और पुलिसकर्मियों पर हमला करने से जुड़ी तमाम धाराएं जोड़ी गई हैं.
दिल्ली पुलिस की मानें तो प्रदर्शनकारियों ने सभी चेतावनियों और निर्देशों को नजरअंदाज करते हुए इलाके में लगी BNS की धारा 163 का उल्लंघन किया. पथराव और झड़प में 118 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं. घायलों में स्पेशल सीपी, जॉइंट सीपी, एडिशनल सीपी, डीसीपी, एडिशनल डीसीपी और एसीपी स्तर के कई वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ कई महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं.
झड़प में करीब 60 प्रदर्शनकारियों के भी घायल होने की खबर है. भीड़ पर 15 से 20 सरकारी गाड़ियों के साथ तोड़फोड़ करने और सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है.
साभार आज तक

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper