4 साल की बच्ची से रेप और हत्या के बाद पुणे में बवाल: हाईवे पर लगा भारी जाम, आरोपी को फांसी की मांग
पुणे में चार साल की बच्ची से रेप और हत्या के मामले में सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए हैं। जानकारी के मुताबिक लोगों ने मुंबई-बेंगलुरु हाइवे को बाधित कर दिया और इसकी वजह से लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। बच्ची के परिवार के सदस्यों और अन्य प्रदर्शनकारियों ने शनिवार शाम को 'नवाले ब्रिज' क्षेत्र में पीड़िता के शव को सड़क पर रख दिया और इस मामले में गिरफ्तार 65 वर्षीय व्यक्ति को कड़ी सजा दिए जाने की मांग की।
कई ऐसे वीडियो सामने आए हैं जिनमें राजमार्ग पर भारी ट्रैफिक जाम दिख रहा है। बाद में कड़ी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बीच आधी रात के बाद यहां वैकुंठ श्मशान घाट में पीड़िता का अंतिम संस्कार किया गया। इस मामले में आरोपी व्यक्ति मजदूर है और उसका आपराधिक रिकॉर्ड है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने बच्ची को कथित तौर पर खाना दिलाने का लालच देकर फुसलाया और वह उसे मवेशियों के बाड़े में ले गया जहां उसने उसका यौन उत्पीड़न किया और फिर उसकी हत्या कर दी।
उसने बताया कि बच्ची के लापता होने पर उसके रिश्तेदारों ने उसकी तलाश शुरू की और इसी दौरान एक निजी आवास के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी, बच्ची के साथ नजर आया जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे सात मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

