छत्रीपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पत्रकार खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर में छत्रीपुरा थाना पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर मारपीट, शराब के लिए रुपए मांगने और जान से मारने की धमकी देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला राजमोहल्ला-गंगवाल क्षेत्र का है, जहां 23 जुलाई की रात दो युवकों के साथ मारपीट की गई और उनसे शराब पीने के लिए पैसे मांगे गए। विरोध करने पर आरोपियों ने लोहे की रॉड और अन्य हथियारों से हमला कर दिया, जिससे फरियादी घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की।
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में छत्रीपुरा थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से महज कुछ घंटों में तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम पीयूष उर्फ बंटी योगी, अनूप उर्फ गोलू पंवार और बालू उपाध्याय बताए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी और अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले और आम नागरिकों में भय का माहौल बनाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

