मुख्यमंत्री ने डिंडौरी के तेंदूपत्ता संग्राहकों को वितरित किया बोनस

  • Share on :

17 समितियों के करीब 5 हजार संग्राहक मंडला कार्यक्रम में हुए शामिल, 5.03 करोड़ से अधिक की बोनस राशि स्वीकृत
डिंडौरी। मंडला के खैरी स्थित नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज परिसर में 4 अक्टूबर को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा डिंडौरी वनमंडल के तेंदूपत्ता संग्राहकों को तेंदूपत्ता सीजन वर्ष 2024 की प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) राशि का वितरण किया गया। वनमंडलाधिकारी डिंडौरी श्री अशोक कुमार सोलंकी के मार्गदर्शन में वनमंडल की 17 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों से जुड़े करीब 5 हजार संग्राहक कार्यक्रम में शामिल हुए।
        कार्यक्रम में सहभागिता के लिए संग्राहकों के आवागमन एवं व्यवस्थाओं के लिए वन विभाग द्वारा समुचित प्रबंध किए गए। कार्यक्रम समाप्ति के बाद सभी संग्राहकों को सुरक्षित उनके गृह ग्राम तक पहुंचाया गया। आयोजन की व्यवस्थाओं में उपवनमंडलाधिकारी, परिक्षेत्र अधिकारी, नोडल एवं पालक अधिकारी, समिति प्रबंधक सहित वन विभाग की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।
        सीजन वर्ष 2024 में डिंडौरी जिले की 17 समितियों के लिए कुल 5 करोड़ 3 लाख 12 हजार 298 रुपये की प्रोत्साहन पारिश्रमिक राशि स्वीकृत की गई है। जिले में औसतन 1,129 प्रति मानक बोरा की दर से बोनस दिया जा रहा है। जिले के 723 ग्रामों के 67,323 तेंदूपत्ता संग्राहकों द्वारा संग्रहित 44,562.250 मानक बोरा तेंदूपत्ता पर यह प्रोत्साहन राशि सीधे संग्राहकों के बैंक खातों में अंतरित की जा रही है।
शिवम् प्रजापति डिंडोरी

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper