मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सीतामढ़ी के पुनौरा धाम में माता जानकी के दर्शन कर की पूजा-अर्चना
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को बिहार के सीतामढ़ी में माँ जानकी की जन्म स्थली पुनौरा धाम के मंदिर में जानकी मैया के दर्शन कर पूजा अर्चना की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंदिर में जानकी मैया की आरती कर आचमन भी किया। उन्होंने मध्यप्रदेश के सभी नागरिकों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव का मंदिर परिसर में पुजारियों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं ने पारम्परिक तरीके से पगड़ी पहनाकर और अंगवस्त्रम् ओढ़ाकर स्वागत-अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने मंदिर के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व की जानकारी भी प्राप्त की और कहा कि माता जानकी की यह जन्म स्थली (पुनौरा धाम) भारतीय संस्कृति, आस्था और स्थापत्य कला का अद्भुत संगम है। उन्होंने कहा कि माता जानकी समर्पण और त्याग की प्रतिमूर्ति थीं। उनके चरणों में मध्यप्रदेश की जनता की ओर से प्रणाम कर सभी के मंगल की कामना करता हूँ।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के आगमन पर मंदिर परिसर में बडी संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित थे। सभी ने माता जानकी का जयघोष किया।

