मुख्यमंत्री डॉ. यादव 14 फरवरी को खण्डवा और बुरहानपुर जिले के प्रवास पर रहेंगे

  • Share on :

बुरहानपुर जिले को 696 करोड़ 37 लाख रूपये के विकास कार्यों की देंगे सौगातें
भोपाल।  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 फरवरी को इंदौर संभाग के खण्डवा और बुरहानपुर जिले के प्रवास पर रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुरहानपुर जिले को 696 करोड़ 37 लाख रूपये के विकास कार्यों की देंगे सौगातें देंगे। वहीं खण्डवा जिले में 600 करोड़ रूपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन करेंगे। कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
    बुरहानपुर में मुख्य कार्यक्रम नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगा। इस अवसर पर 334 करोड़ 22 लाख रूपये की लागत के 32 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 362 करोड़ 15 लाख रूपये की लागत के 48 कार्यों का भूमिपूजन किया जा जायेगा। प्रस्तावित कार्यक्रम अनुसार जिले में आगमन के पश्चात् मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रोड शो में शामिल होंगे। यह रोड शो शिकारपुरा थाना क्षेत्र के जीजामाता चौराहा से नेहरू स्टेडियम बुरहानपुर तक आयोजित रहेगा। नेहरू स्टेडियम बुरहानपुर में आयोजित भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किया जायेगा। वहीं कृषि, उद्यानिकी सहित अन्य विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी लगाई जायेगी।
   मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खण्डवा जिले के पंधाना में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 255 करोड़ रूपए लागत के 2 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लगभग 354 करोड़ रूपए लागत के 11 निर्माण कार्यों का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव 252 करोड़ रूपए लागत से निर्मित होने वाली खण्डवा नगर निगम की सीवरेज परियोजना का भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस अवसर पर 2.90 करोड़ रूपए लागत से निर्मित होने वाले पंधाना बस स्टैण्ड, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स एवं रैन बसेरा के निर्माण कार्य का भूमिपूजन करेंगे।
        मुख्यमंत्री डॉ. यादव पंधाना में आयोजित कार्यक्रम में 301.41 करोड़ रूपए लागत से निर्मित भाम सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही 37 करोड़ रूपए लागत से निर्मित सांदीपनि विद्यालय पंधाना का लोकार्पण भी करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव 11.06 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित होने वाले संयुक्त एसडीएम कार्यालय भवन पंधाना का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा कार्यक्रम में 65-65 लाख रूपए लागत से निर्मित छैगांवदेवी एवं हरसवाड़ा के कुल 2 आयुष्मान आरोग्य केन्द्रों के भवनों का लोकार्पण भी किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव बलखड़घाटी में 49 लाख रूपए लागत से निर्मित आयुष्मान आरोग्य केन्द के भवन का लोकार्पण भी करेंगे। इस अवसर पर 52-52 लाख रूपए लागत से छैगांवमाखन, रेहमापुर एवं हरसवाड़ा में निर्मित सहकारिता विभाग के गोडाउन के नए भवनों का लोकार्पण भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव 50-50 लाख रूपए लागत से ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट भवन तथा प्रयोगशाला भवन का भी लोकार्पण करेंगे।

लाड़ली बहना योजना अंतर्गत करेंगे राशि अंतरित
      पंधाना में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लाड़ली बहना योजना की हितग्राहियों के खाते में सिंगल क्लिक के माध्यम से माह फरवरी 2026 की राशि ट्रांसफर करेंगे। प्रदेश की लगभग 1.25 करोड़ बहनों के खातों में 1800 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जायेगी।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper